त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। लोनीकटरा क्षेत्र में जंगली हिंसक जानवर के हमले से युवक घायल हो गया है। जानवर के तेंदुआ होने की चर्चा के बीच ग्रामीणों में दहशत है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम खेतों में मौजूद पगचिह्न की जांच कर रही है।
शनिवार की भोर लोनीकटरा थाना क्षेत्र के गोमती तराई में स्थित लला का पुरवा मजरे मंझार निवासी अनिल मवेशियों के हाता की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक किसी जंगली हिंसक जानवर ने उसके ऊपर हमला कर दिया। शोर सुनकर अन्य ग्रामीणों के गुहार लगाने पर जंगली जानवर भाग कर झाड़ियों में लापता हो गया।
उसके पंजे से अनिल के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा गांव के विजय बहादुर की भैंस व दो कुत्ते भी जानवर के हमले से घायल हुए हैं। परिवारीजनों ने घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया है। मालूम हो ठंड बढ़ने के साथ ही गोमती किनारे गांवों की आबादी में जंगली जानवरों के आवक बढ़ गई है।
चार दिन पहले क्षेत्र तेजवापुर गांव में हिंसक जानवर के हमला करने व खेतों में पगचिह्न होने की सूचना वन विभाग को मिली थी। कोतवाली के मानपुर गांव में बीते एक माह से जंगली जानवर दिखाई देने से दहशत में आए ग्रामीणों ने वन विभाग से लिखित शिकायत की थी। वन क्षेत्राधिकारी दिलीप सिंह ने बताया कि टीम को कॉम्बिंग के लिए भेजा गया है। पगचिह्नों की फोटो जांच के लिए भेजी गई है।