बाराबंकी। शहर की नगर पालिका परिषद नवाबगंज को अब अमृत योजना का लाभ मिल सकेगा। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री ने सांसद को पत्र भेजकर नगर पालिका को नए मिशन अमृत योजना में सम्मिलित किए जाने का आश्वासन दिया है। इससे अब शहर वासियों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीदें जगी है।
अब शहरवासियों का जल्द ही शुद्ध पेयजल पीने का सपना पूरा हो सकता है। वह दिन दूर नहीं जब शहरी अमृत योजना के तहत घर-घर शुद्ध पेयजल आपूर्ति होगी। अमृत योजना के तहत नगर पालिका परिषद को सम्मिलित किया गया है। शहरी विकास मंत्री हरदीप एस पुरी ने सांसद उपेंद्र रावत को भेजे पत्र में बताया है कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार नगर पालिका नवाबगंज की जनसंख्या एक लाख से कम थी।
इसलिए नगर पालिका को इस योजना में शामिल नहीं किया गया था। मगर अब नगर पालिका की जनसंख्या करीब चार लाख हो गई है। अगले चरण में नगर पालिका अटल नवीनीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत योजना) में सम्मिलित होगी। अमृत योजना में नगर पालिका के शामिल होने पर पेयजल आपूर्ति, पार्कों का सौंदर्यीकरण, सड़कों का रखरखाव के साथ सर्वांगीण विकास हो सकेगा।
अमृत योजना का उद्देश्य
शहरों के विकास के लिए केंद्र सरकार ने वर्ष 2015 में अमृत योजना की शुरूआत की थी। इस योजना का उद्देश्य प्रत्येक घर को पाइप लाइन द्वारा जलापूर्ति एवं सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराना है। इसके अतिरिक्त योजनांतर्गत हरियाली विकसित करना तथा पार्कों का सौंदर्यीकरण भी शामिल है। ताकि नागरिकों का स्वास्थ्य और शहर का सौंदर्यीकरण बेहतर हो सके।
सीमा विस्तार के बाद हो गए 29 वार्ड
नगर पालिका के सीमा विस्तार के बाद पालिका क्षेत्र में वार्डों की संख्या 29 हो गई है। इसमें सात ग्राम पंचायतों के छूटे दस राजस्व गांव मंझलेपुर, पैसार, फैजुल्लागंज अरबन, बाराबंकी देहात, दरामनगर, जिन्हौली, दारापुर, बड़ेल का छूटा भाग, बनवा, कोठीडीह को भी शामिल कर लिया गया है। इन गांवों के नगर पालिका में शामिल होने के बाद अब पालिका की कुल आबादी करीब चार लाख हो गई है।
शहर का होगा कायाकल्प
अमृत योजना में शामिल होने पर शहर का कायाकल्प हो सकेगा। नगर पालिका में शामिल हुए कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति की सुविधा नहीं है, योजना के तहत नगर पालिका में शामिल सभी इलाकों में बेहतर जलापूर्ति की जाएगी। शहर की सड़कों का रखरखाव हो सकेगा साथ ही पार्कों के सौंदर्यीकरण, सीवर सिस्टम तथा सामुदायिक शौचालय पर काम किया जाएगा।