बाराबंकी। कृषि यंत्रीकरण अनुदान योजना में बुकिंग न होने को लेकर परेशान किसानों को अब चिंता करने की जरूरत नहीं हैं। क्योंकि साइट खुलने से पहले हुई ऑनलाइन बुकिंग के मामले का संज्ञान लेते हुए शासन ने बुधवार को हुई कृषि यंत्रों की बुकिंग को पूरी तरह से निरस्त करने का फैसला किया है। वहीं नए सिरे से कृषि यंत्रों की बुकिंग का जल्द ही विज्ञापन जारी कर नई तारीख घोषित की जाएगी। ताकि किसानों को कृषि यंत्रों की बुकिंग का लाभ मिल सके। सरकार ने इस पूरे मामले की जांच भी शुरू करा दी है।
किसानों को लाखों के अनुदान वाली कस्टम हायरिंग सेंटर, स्माल गोदाम व थ्रेशिंग फ्लोर के यंत्रों की बुधवार को सुबह 11 बजे से बुकिंग होनी थी। मगर, तय समय पर साइट ओपेन होने से पहले ही कृषि यंत्रों की बुकिंग हो गई। साइट खुलने के तीन मिनट में ही बचे हुए यंत्रों के साथ लक्ष्य के तीन सौ प्रतिशत तक की बुकिंग हो गई।
यह घपला तब सामने आया जब पूर्व में अगस्त में हुई बुकिंग में गड़बड़झाला सामने आने पर स्वयं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मामले का संज्ञान लेते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों से बात की और कृषि यंत्रों की होने वाली बुकिंग टालते हुए मंडलवार बुकिंग की नई व्यवस्था की थी। मगर, उसके बाद बुधवार को कृषि यंत्रों की बुकिंग में साइबर हैकर्स ने साइट हैक कर समय से पहले ही कृषि यंत्रों की बुकिंग कर पारदर्शी व्यवस्था पर पानी फेर दिया।
इस आशय का समाचार अमर उजाला ने बृहस्पतिवार के अंक में प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। जिसका संज्ञान एक बार फिर शासन ने लेते हुए पूरी बुकिंग प्रक्रिया को निरस्त करते हुए नए सिरे से बुकिंग के संबंध में विज्ञापन प्रकाशित कर तारीख घोषित करने का आश्वासन दिया है। शासन ने कहा कि किसान चिंता न करें। कृषि यंत्रों की बुकिंग का किसानों को मौका मिलेगा।
वहीं साइबर हैकर्स द्वारा साइट खुलने से पहले ही करोड़ों के कृषि यंत्रों के टोकन निकालने के मामले की जांच भी बैठा दी है। बुकिंग में सामने आए कम्प्यूटर आईडी के आधार पर मामले की जांच कर इस घपले की तह तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में अगर पारदर्शी जांच हुई तो विभागीय कर्मचारियों के साथ कार्यदाई संस्था के कर्मियों के इसके जद में आने से इंकार नहीं किया जा सकता।
कृषि यंत्रों की बुकिंग में साइट खुलने से पहले बुकिंग के मामले का शासन न संज्ञान लिया है। बुधवार को हुई कृषि यंत्रों की बुकिंग को निरस्त करते हुए जल्द ही नए सिरे से बुकिंग का विज्ञापन जारी कर तारीख की जानकारी दी जाएगी। शासन ने साफ कहा कि किसान चिंता न करें। उन्हें कृषि यंत्रीकरण के ऑनलाइन बुकिंग का अवसर मिलेगा।
-अनिल कुमार सागर, उप कृषि निदेशक