बड्डूपुर (बाराबंकी)। तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक पर ट्रिपलिंग कर रहे एक अधिवक्ता की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार सवार पूर्व चेयरमैन के बेटे को घेर लिया और हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर थाने लाई। यहां पर केस दर्ज कर आरोपी चेयरमैन पुत्र को न्यायालय में प्रस्तुत किया। वहां से उसे जमानत पर उसे रिहा कर दिया गया। यह हादसा सोमवार की देर रात बड्डूपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर बाबा कुटी के पास हुआ।
थाना क्षेत्र के खिझना निवासी अधिवक्ता मनोज (30), दिलीप व रितेश तीनों रात में एक ही बाइक से कहीं जा रहे थे। इनमें कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। रास्ते में एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर तीनों घायल हो गए। हादसे के बाद कार सवार नगर कोतवाली क्षेत्र के देवा रोड निवासी बंकी की पूर्व चेयरमैन अंशू सिंह के पुत्र रोहित सिंह को ग्रामीणों ने घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचीं थानाध्यक्ष शिखा सिंह ने मौके के हालात देख कार चालक रोहित को पकड़कर थाने ले आईं और उसके खिलाफ केस दर्ज किया।
वहीं घायलों को सीएचसी घुंघटेर भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने तीनों की हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। एसओ शिखा सिंह ने बताया कि हादसे में घायल अधिवक्ता मनोज की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी है। गिरफ्तार किए गए चेयरमैन के बेटे का चालान मंगलवार को भेजा गया है। जहां न्यायालय से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पेड़ से टकराकर शव वाहन पलटा, चालक घायल
सफदरगंज। तेज रफ्तार शव वाहन हाईवे के किनारे लगे पेड़ से टकराकर गहरी खाई में पलट गया। वाहन में सवार चालक समेत पांच लोगों में एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजवाया। यह हादसा मंगलवार की दोपहर सफदरगंज थाना क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर उधौली गांव के पास हुआ।
लखनऊ से शव लेकर संतकबीरनगर जा रहा शव वाहन अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे लगे पेड़ से टकराकर गहरी खाई में जाकर पलट गया। हादसे के बाद चीखपुकार मच गई। स्थानीय लोगों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। इसमें घायल चालक एकनाथ को जिला अस्पताल भेजा गया।
जबकि पत्नी का शव लेकर जा रही संतकबीर नगर निवासी रामाशीष, बेटा शिवा, मामा रामनयन व एक अन्य को मामूली चोटें आई। एसओ अभिषेक कुमार तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भेजी गई थी। घायल चालक को जिला अस्पताल भेजा गया है। अब अन्य को मामूली चोटें थीं। संवाद
ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की जान गई
त्रिवेदीगंज। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा लोनीकटरा थाना क्षेत्र के छंदरौली-मंझूपुर मार्ग पर मंगलवार की शाम हुआ। थाना क्षेत्र के बल्लासाई खेड़ा गांव निवासी मोहनलाल (30) बाइक से मंझूपुर के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर की टक्कर से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। वहां उसकी हालत देख चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया। वहां पहुंचते ही युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़कर भाग गया। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। संवाद