एबीवीपी ने जिला संयोजक आकाश पटेल पर जानलेवा हमले व लूटपाट के आरोपी सपा के सदर विधायक के भतीजे व उनके साथियों की गिरफ्तारी की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने ऐसा न होने पर 25 जून से एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
वहीं दूसरी तरफ पूर्व एमएलसी भाजपा नेता हरगोविंद सिंह ने आरोप लगाया है कि सत्ता पक्ष के दबाव में पुलिस आकाश पटेल पर हमला करने वालों को गिरफ्तार करने का साहस नहीं जुटा पा रही है। उन्होंने एसपी से मांग की है कि हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी हो।
एबीवीपी के जिला संयोजक आकाश पटेल अपने साथी के साथ बृहस्पतिवार रात विकास भवन मार्ग पर जा रहे थे। आरोप है कि तभी वहां सदर विधायक सुरेश यादव के भतीजे प्रिंस यादव अपने कई साथियों के साथ पहुंचे और आकाश से विवाद करने लगे।
आरोप है कि सपा विधायक के भतीजे ने आकाश की पिटाई करने के बाद उनके पास से सात हजार नकद व मोबाइल लूट लिया। इसके बाद एबीवीपी ने तहरीर दी जिस पर विधायक के भतीजे व उसके सात अज्ञात साथियों के खिलाफ लूट व मारपीट का मामला पुलिस ने दर्ज किया है। इस मामले में अभी तक पुलिस ने किसी की गिरफ्तारी नहीं की है।
शुक्रवार को एबीवीपी के जिला कार्यालय पर जिला संगठन मंत्री मानस त्रिपाठी ने बैठक कर कहा कि जिस तरीके से जिला संयोजक पर हमला हुआ है उससे साफ है कि सत्तापक्ष के विधायक के भतीजे पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करेगी।