बाराबंकी। देवा महोत्सव परिसर में स्थाई रैन बसेरा बनाया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस दिशा में कार्य करना शुरू कर दिया है। इस रैन बसेरा में एक साथ ढाई से तीन हजार लोगों के रहने की व्यवस्था होगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए भूमि का चयन भी कर लिया है।
हाजी वारिस अली शाह की सरजमीं पर उनके पिता सैयद कुर्बान अली शाह (दादा मियां) की याद में प्रतिवर्ष दस दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जाता है। जिसमें भारी संख्या में देश विदेश के जायरीन यहां आकर माथा टेकते हैं। इस वर्ष भी दस अक्तूबर से देवां महोत्सव की शुरूआत हुई। सोमवार 13 अक्तूबर को बूंदाबांदी के बाद रात में बारिश और फिर मंगलवार 14 अक्तूबर को पूरे दिन हुई बारिश और तेज हवा ने महोत्सव को उजाड़ दिया था। इस दौरान जायरीन को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इससे निपटने के लिए प्रशासन को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान प्रशासन को महोत्सव परिसर में एक रैन बसेरा की सबसे ज्यादा आवश्यकता महसूस हुई। महोत्सव परिसर में यदि रैन बसेरा होता तो जायरीन को कुछ हद तक राहत मिल सकती थी। इस समस्या को देखते हुए ही जिलाधिकारी ने महोत्सव परिसर में एक रैन बसेरा बनाए जाने का निर्णय लिया है। सब कुछ ठीक-ठाक रहे तो अगले महोत्सव तक यहां पर एक स्थाई रैन बसेरा बनकर तैयार हो जाएगा। इसके लिए जमीन भी तय कर ली गई है।