बाराबंकी। बारिश व तेज हवा से जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। कई स्थानों पर पेड़ व डाल गिरने से विद्युत तार टूट गए। कई स्थानों पर खंभे भी टूट कर गिर गए। मंगलवार देर रात तक कई मोहल्ले अंधेरे में डूबे रहे। शहर क्षेत्र में चंदौली के पास 11 हजार की विद्युत लाइन का तार टूट जाने से सिविल लाइंस, दशहराबाग, शिवाजीपुरम, धनोखर, लखपेड़ाबाग, अभयनगर, चंदना, सरावगी आदि मोहल्ले में दिनभर आपूर्ति बाधित रही। जैदपुर-हैदरगढ़ मार्ग पर पेड़ गिरने व डाल टूटने से 33 केवीए का विद्युत तार क्षतिग्रस्त हो गया। हैदरगढ़-सुबेहा मार्ग पर लिल्हौरा व बीजापुर गांव के पास पेड़ गिरने विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। लखनऊ-सुल्तानपुर मार्ग पर कोतवाली के समीप पेड़ की डाल गिरने से तार टूट गए। मवैया, त्रिवेदीगंज, लदईपुरवा, बहरामपुर, दहिला प्राथमिक स्कूल के समीप विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। सादुल्लापुर, बराइनपुरवा, अमदूपुर में पेड़ गिरने से विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। उपखंड अधिकारी जेपी गौतम ने कहा कि टीम भेजी गई है। फतेहपुर के महादेवा तालाब से मुंशीगंज जाने वाले मार्ग पर पेड़ गिरने से विद्युत तार टूट गया। जिससे पचघरा, बाह्मणीटोला की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। अधिशासी अभियंता नजम अहमद का कहना है कि लाइन ठीक कराई जा रही है।