बाराबंकी। बाइक से घर जा रहे तीन युवकों पर रविवार की देर रात एक आवारा सांड ने अचानक हमला कर दिया जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर गए। डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे युवक की हालत गंभीर होने पर सोमवार को डॉक्टर ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है।
नगर कोतवाली के मोहल्ला मुंशीगंज निवासी सचिन वर्मा उर्फ पिंटू (32) पुत्र स्व. सतीश वर्मा लक्ष्मणपुरी कॉलोनी में एक टॉवर पर कार्य करता था। रविवार की रात करीब 11 बजे वह बाइक से दोस्तों महेश निगम (32) पुत्र देवी प्रसाद निगम व मंजीठा निवासी सुजीत के साथ घर लौट रहा था। बाराबंकी-फैजाबाद राजमार्ग पर जिला महिला अस्पताल के पास बाइक की हेडलाइट की रोशनी सड़क किनारे बैठे सांड पर पड़ी तो वह अचानक आक्रामक हो उठा। सांड़ ने बाइक सवार युवकों पर हमला बोल दिया। हमले में सांड़ की सींग बाइक चला रहे सचिन के सीने में धंस गई। इसके बाद बाइक सड़क पर गिर पड़ी जिससे पीछे बैठे महेश व सुजीत को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने सांड को खदेड़कर भगाया और घायलों को जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महेश को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। अजीत को मामूली खरोंचें आईं जिससे वह घर चला गया। सोमवार की सुबह महेश की हालत फिर से बिगड़ गई जिस पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। परिवारीजन उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ लेकर गए हैं। इस वारदात के बाद से लोगों में गुस्सा है और शहर में घूमने वाले आवारा पशुओं को लेकर नगरपालिका बोर्ड की बैठक में भी सोमवार को यह मुद्दा उछला जहां सदस्यों ने नाराजगी जताई।