बाराबंकी। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए संचालित अभियान के तहत रविवार को कोल्ड स्टोरों में भंडारित आलू की जांच की गई। एफएसडीए की टीम ने इस दौरान गुणवत्ताविहीन व घटिया आलू मिलने पर करीब 6900 किलो आलू व 74 किलो बेसन सीज करने की कार्रवाई की। जांच टीम ने छह नमूने लैब जांच के लिए भी भेजे।
एफएसडीए के सहायक आयुक्त खाद्य डाॅ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने रविवार को एफएसडीए की टीम के साथ निजामुद्दीन कोल्ड स्टोर बेलहरा रोड फतेहपुर व सफेदाबाद कोल्ड स्टोरेज सफेदाबाद में मौजूद आलू की जांच की। इस दौरान आलू की गुणवत्ता घटिया मिलने पर 69 सौ किलोग्राम आलू सीज किया गया। इसकी बाजार कीमत 69 हजार रुपये बताई गई। इसी प्रकार टिकैतनगर, रामसनेहीघाट स्थित राममिलन किराना गोदाम से बेसन व सरसों तेल का नमूना भर गया और 74 किलो बेसन कीमत 5180 रुपये को सीज किया गया।
जांच टीम ने इसके बाद सीपी कोल्ड स्टोरेज, सफदरगंज कोल्ड स्टोरेज, हनुमंत कोल्ड स्टोरेज, लोधेश्वर बाबा कोल्ड स्टोरेज, सूरतगंज का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान छह नमूने भरकर जांच को भेजे गए। सहायक आयुक्त ने बताया कि त्योहार तक यह अभियान जारी रहेगा I टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, सलिल कुमार सिंह, भगौती प्रसाद, अंकिता यादव, पल्लवी तिवारी तथा अर्शी फारूकी शामिल रहे।