इंटेलिजेंस की तरह काम कर पुलिस की मदद करेंगे होमगार्ड : डीजी
- होमगार्डों की समस्या सुन दिया निस्तारण का आश्वासन
- वर्दी के कपड़े की क्वालिटी पर होमगार्डों ने उठाए सवाल
फोटो-9,10,11
बाराबंकी। प्रदेश के डीजी होमगार्ड डॉ. सूर्य कुमार शुक्ला सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में पहुंचकर होमगार्ड जवानों को वर्दी व प्रमाणपत्र बांटे। कहा कि अब सभी होमगार्ड इंटेलिजेंस की तरह काम कर पुलिस की मदद करें, इसके लिए उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। नियमित ड्यूटी देने के साथ ही उनकी समस्याएं दूर करने के लिए माह की प्रत्येक 30 तारीख को जिलों में एक सम्मेलन करवाने की बात भी उन्होंने कही। डीजी द्वारा दी गई वर्दी के कपड़े को कुछ होमगार्डों ने खराब बताते हुए इसमें भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। जिस पर डीजी ने उन्हें आश्वस्त किया कि वर्दी बहुत अच्छी क्वालिटी की है और इसकी खरीद में पारदर्शिता बरती गई है।
सोमवार सुबह 9.30 बजे पुलिस लाइन पहुंचे डीजी होमगार्ड, डॉ. सूर्य कुमार शुक्ला ने सबसे पहले होमगार्डों से परेड करवाई। इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में कहा कि होमगार्ड हमेशा सतर्क रहे और इंटेलिजेंस टीम की तरह काम करके गैरकानूनी कामों में लिप्त लोगों के बारे में पुलिस अफसरों को बताकर उन पर कार्रवाई करवाएं।
कहा कि प्रदेश में लगभग एक लाख होमगार्ड काम कर रहे हैं। जिसमें करीब तेरह हजार होमगार्ड यूपी-100 में हैं। डीजी ने कहा होमगार्ड देर रात ड्यूटी के बाद घर न जाकर संबंधित थाने में रुके। जिसके लिए मेरे द्वारा डीजीपी ओपी सिंह से बात की गई है। कुछ होमगार्डों ने रिटायरमेंट के बाद पेंशन का मुद्दा उठाया। जिस पर डीजी ने बताया कि मामला शासन में विचाराधीन है। होमगार्डों की समस्याएं दूर करने के लिए माह की अंतिम तारीख को सम्मेलन करने को भी उन्होंने कहा। कार्यक्रम के दौरान डीजी ने जिले की 16 कंपनी में कार्यरत करीब 1,375 होमगार्डों के लिए वर्दी दी। साथ ही अच्छा काम करने वाले कई होमगार्डों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। इस मौके पर एएसपी दिगंबर कुशवाहा, जिला कमांडेट होमगार्ड एसपी सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अखिलेश सिंह आदि मौजूद रहे।
बाक्स-
वर्दी के कपड़े पर उठाए सवाल
वर्दी वितरण के बाद डीजी डॉ. सूर्य कुमार के सामने ही कई होमगार्डों ने वर्दी के कपड़े की क्वालिटी पर सवाल
उठाया। संज्ञान लेते हुए डीजी ने आश्वासन दिया कि वर्दी की खरीद में पारदर्शिता बरती गई है। इसका कपड़ा बहुत अच्छा है।