बाराबंकी के गन्ना समिति दरियाबाद में प्रतिनिधि (डेलीगेट) पद हेतु नामांकन दाखिल करते गन्ना कृषक
बाराबंकी। जिले की चार गन्ना समितियों के 882 डेलीगेट पदों के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान 392 ने नामांकन किया। अब शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी।
सहकारी गन्ना समिति दरियाबाद में 259, बाराबंकी में 193, हैदरगढ़ में 160 व बुढ़वल में 270 डेलीगेट के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई। इसके लिए सुबह से ही सभी सहकारी गन्ना समितियों पर नियुक्त निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में नामांकन पत्र जमा कराए गए। बाराबंकी में 43, दरियाबाद में 108, हैदरगढ़ में 29 व बुढ़वल में 212 नामांकन पत्र जमा हुए। अब शुक्रवार को नाम निर्देशन पत्रों की जांच होगी।
30 सितंबर को पर्चा वापस लेने के साथ नाम निर्देशन पत्रों का प्रदर्शन एवं चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। तीन अक्तूबर को मतदान व मतगणना होगी। इसके बाद प्रबंध कमेटी के सदस्यों (डायरेक्टर) के निर्वाचन की प्रक्रिया सात अक्तूबर से शुरू होगी, जिसमें 10 को नामांकन व 16 अक्तूबर को मतदान होगा। हर समिति पर 14-14 सदस्यों का चयन होने के बाद सभापति व उपसभापति के चयन की प्रक्रिया 17 अक्तूबर को संपन्न कराई जाएगी।
जिला गन्ना अधिकारी डॉ. दुष्यंत कुमार ने बताया कि सहकारिता विभाग की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया कराई जा रही है। नाम निर्देशन पत्रों की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। संवाद