बाराबंकी। कोरोना के मामले भले ही कम हुए लेकिन संक्रमण की चपेट में बच्चे आने लगे हैं। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में जिले के तीन बच्चे और जिला अस्पताल में तैनात एक चिकित्सक समेत 37 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेट कराते हुए चिकित्सकों को बच्चों पर बराबर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शुक्रवार को जिले में करीब 1775 लोगों की जांच की गई। शाम को आई जांच रिपोर्ट में शहर के मोहल्ला कार्तिक विहार कॉलोनी और सिद्धौर के मिर्जापुर निवासी तीन बच्चे तथा जिला अस्पताल में तैनात एक और चिकित्सक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा शहर में 10 और लोग संक्रमण की चपेट में आ गए हैं।
वहीं जाटा बरौली में 5, त्रिवेदीगंज, हरख, देवा, फतेहपुर, सिरौलीगौसपुर, सूरतगंज में एक-एक तथा सिद्धौर में 3, रामनगर में 7, बडागांव में 4, दरियाबाद में 2 समेत कुल 37 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इस तरह से जिले में एक्टिव केसों की संख्या घटकर 463 रह गई है जबकि उपचार के बाद 102 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
इस बाबत सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा का कहना है कोरोना के केस बहुत तेजी के साथ कम हो रहे हैं लेकिन शुक्रवार को तीन बच्चों के संक्रमण की चपेट में आने से इन पर बराबर नजर रखने के आदेश चिकित्सकों को दिए गए हैं।
28 हजार को लगाया गया टीका
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत शुक्रवार को 28 हजार 398 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। बताया कि संक्रमण भले ही तेजी के साथ कम हो रहा हो लेकिन जिन लोगों ने अभी तक टीके की पहली डोज नहीं ली है उनसे अपील की जाती है कि वह निकट के केंद्र पर जाकर अपना टीकाकरण अवश्य करा लें। क्योंकि कोरोना से बचाव का सबसे सुरक्षित और आसान तरीका टीकाकरण ही है।