परिवार रजिस्टर में गलत तरीके से नाम दर्ज करने का आरोप
ग्रामीणों ने सीएम व डीएम को भेजा पत्र, कार्रवाई की मांग
देवा (बाराबंकी)। ग्राम पंचायत अधिकारी ने नियम विरुद्ध व मनमानी कर एक परिवार का नाम परिवार रजिस्टर में अंकित कर उसकी आनन-फानन में नकल भी जारी कर दी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत अधिकारी पर मनमानी व ग्राम पंचायत के फैसले की अवमानना का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी से कर कार्रवाई की मांग की है।
मामला विकासखंड देवा के इस्माइलपुर गांव का है। यहां के निवासी डॉ. ओम प्रकाश, राम सिंह, सोहन लाल, सुनील, अतुल, शिवशरण आदि ने मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत सचिव श्वेता मिश्रा ने गांव में एक निजी फैक्ट्री के मालिक स्व. फिराकुल आजम के परिवारीजनों का नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज कर दिया। जबकि बीती 29 जुलाई को प्राथमिक विद्यालय इस्माइलपुर में ग्राम सभा में इसी मामले को लेकर ग्राम सभा की खुली बैठक हुई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि जिसमें ग्राम पंचायत अधिकारी के साथ एडीओ पंचायत व अन्य लोग की मौजूदगी में पंचायत के प्रस्ताव रजिस्टर पर बिना कुछ लिखे ही ग्रामवासियों के हस्ताक्षर करा लिए गए। मतदान में आजम के परिवार का नाम रजिस्टर में अंकित किए जाने के पक्ष में आठ और विरोध में 68 लोगों ने हस्ताक्षर किए थे। बहुमत से हुए इस प्रस्ताव को ग्रामीण पंचायत अधिकारी आदि ने खारिज कर मनमाने तरीके से परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज किया है, जो कि नियमत: गलत हुआ और पंचायत के फैसले की अवमानना है। ग्रामीणों ने इसकी जांच कर ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी श्वेता मिश्रा ने बताया कि उक्त परिवार का नाम अंकन नियमानुसार किया गया है। ग्रामीणों की शिकायत फर्जी है।