सैदनपुर (बाराबंकी)। सिरौलीगौसपुर में खसरे की चपेट में आकर करीब 30 बच्चे बीमार हो गए हैं। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों का उपचार शुरू कर दिया है।
सिरौलीगौसपुर की ग्राम पंचायत केवलापुर में संक्रामक रोगों ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। खसरा रोग की चपेट में आकर करीब 30 बच्चे बीमार हो गए हैं। गांव की पल्लवी (10), अभय (8), अर्पित (10), हर्षित (10), सलोनी (11), नितेश (10), कमल (5), आर्यमन (10), लक्ष्मी (10), आजाद सिंह (11), मयंक (7), हर्ष (7), आराध्या (8), आदित्य (7) कुंज (6) समेत करीब 30 बच्चे इस रोग की चपेट में आ गए हैं।
परिवारीजनों ने बताया कि ये बच्चे पिछले एक सप्ताह से बीमार चल रहे हैं। अधिकतर बच्चों के चेहरे पर बड़े-बड़े छाले निकल आए हैं। इससे इन्हें काफी परेशानी हो रही है। कई बार सूचना देने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम मंगलवार को गांव पहुंची।
इस बाबत सीएचसी अधीक्षक डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि केवलापुर गांव में खसरा फैलने की जानकारी मिली है। मौके पर टीम भेजकर बच्चों का इलाज शुरू करा दिया गया है। चिकित्सकों की टीम को बीमार बच्चों पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। संवाद