बाराबंकी। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि कोरोना से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह से तैयार है। अस्पतालों का बराबर निरीक्षण किया जा रहा है। फिर भी अस्पतालों में अव्यवस्थाएं मिलीं तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था उच्चस्तरीय हो इसके पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि चिकित्सक मरीजों को परिवार का सदस्य मानकर उपचार करें। वह मंगलवार को भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने से पहले पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हम प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को उच्च स्तरीय बनाने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए नियमित अस्पतालों का निरीक्षण किया जा रहा है और वहां पर जो भी खामियां मिल रही हैं उन्हें दूर किया जा रहा है। अस्पतालों में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ से लेकर दवाओं तक की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है।
एक सवाल के जवाब में पाठक ने कहा जिला महिला अस्पताल में जो भी कमियां हैं उन्हें जल्द ही दूर किया जाएगा। इसका पूरा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना की चौथी लहर की संभावना काफी कम है लेकिन दिल्ली एनसीआर और लखनऊ में कोरोना के केस जरुर मिल रहे है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।