लखनऊ में प्रदर्शन करने जा रहे 76 शिक्षक गिरफ्तार
बाराबंकी। वेतन बंद करने से नाराज होकर लखनऊ में प्रदर्शन करने जा रहे 76 वित्त विहीन शिक्षकों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए सभी शिक्षकों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए रिहा कर दिया गया है।
मंगलवार को लखनऊ में धरना-प्रदर्शन के लिए जा रहे वित्त विहीन शिक्षकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शहर में जमुरिया नाले के पास पहुंचे एएसपी दिगंबर कुशवाहा, कोतवाल एसपी सिंह ने बस रूकवाकर सभी को पकड़कर कोतवाली ले आए। इस दौरान वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष तेज कुमार उपाध्याय ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों का वेतन बंद कर ठीक नहीं किया है। कहा कि शिक्षकों को जिला प्रशासन ने जबरन रोक लिया है, इसे सहन नहीं किया जाएगा। इस दौरान पुलिस ने 76 शिक्षकों को पकड़ा था जिनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर छोड़ दिया गया। गिरफ्तारी देने वालों में जिलाध्यक्ष रामकुमार वर्मा, बलराम वर्मा, सतीश यादव, सर्वेश कुमार, ओमकार त्रिपाठी, नैमिष शुक्ला, बृजेश, माधुरी, वीरेंद्र सिंह, तब्बसुम, रामअवध यादव आदि शामिल रहे। इसके अलावा जिले के हैदरगढ़, अहमदपुर टोल प्लाजा, मोहम्मदपुर चौकी आदि जगहों पर भी लखनऊ जाने वाले शिक्षकों को पुलिस ने लौटा दिया।