महिला कर्मचारी ने वार्ड बॉय
पर लगाया अभद्रता का आरोप
क्रासर
- परिवारीजनों ने किया हंगामा, महिला कांउसलर बेहोश
अमर उजाला ब्यूरो
हैदरगढ़ (बाराबंकी)। वार्ड बॉय की अभद्रता पर महिला कर्मचारी के परिवारीजन व रिश्तेदारों ने सीएचसी पहुंच जमकर उत्पात मचाया। केंद्र पर मौजूद महिला कांउसलर दहशत में आकर बेहोश हो गईं। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए कोतवाली पहुंचे जहां अधिकारियों के हस्तक्षेप पर दोनों ने शिकायत वापस ले ली।
सोमवार को सीएचसी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मी नेहा सिंह ने केंद्र के वार्ड बॉय बद्री विशाल मिश्रा पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया और इसकी सूचना अपने घर पर दी। इसके बाद केंद्र पर पहुंचे नेहा सिंह के परिवारीजन व रिश्तेदारों ने हंगामा काटा और केंद्र के कक्षों में आरोपी वार्ड बॉय को तलाशने लगे। हंगामे के बीच केंद्र पर कक्ष में बैठी महिला कांउसलर शिवा दहशत में आ गईं। दोनों पक्षों ने कोतवाली के पहुंचकर एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए शिकायत की। कोतवाली में दोनों पक्षों में बहस के बीच कुर्सी पर बैठी महिला काउंसलर शिवा बेहोश हो गई। स्वास्थ्य कर्मी शिवा को लेकर सीएचसी ले गए। इसी बीच अधिकारियों के हस्तक्षेप पर दोनों पक्षों ने कोतवाली जाकर शिकायत वापस ले ली। कस्बा इंचार्ज कन्हैया पांडेय ने बताया दोनो पक्षों ने आपस में बातकर विवाद खत्म कर लिया है। शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।