रामनगर (बाराबंकी)। खेत में निराई करने गई महिला मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रही थी। अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उस पर सवार 10 महिला मजदूर घायल हो गईं। आननफानन उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसा रविवार की शाम रामनगर थाना क्षेत्र के पुरैना गांव के पास बांध पर हुआ। रविवार को थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव की पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य केवला देवी के डिपोपुरवा गांव स्थित खेत में लगी परवल की फसल की निराई करने के लिए बड़नपुर व मीतपुर झाला की महिला मजदूर गई थीं। शाम को सभी डीपो पुरवा निवासी राम मूरत निषाद के ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रही थीं।
इस दौरान पुरैना गांव के समीप बने बंधे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार राजकुमारी, नीलम, रिश्ता, जूली, पवन देवी, नंदनी, विनीता, रोशनी, तिलका व रामावती घायल हो गईं। आननफानन एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी रामनगर लाया गया। वहां से पवन देवी, नीलम व जूली की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।