फोटो 30- घटनास्थल पर जांच पड़ताल करती पुलिस। स्रोत : पुलिस
- फोटो : सांकेतिक
बांदा। जसपुरा थाना क्षेत्र के कस्बे से सटे जंगल में स्थित भुरवा नाला के पास मंगलवार की रात करीब आठ बजे एक 22 वर्षीय युवक का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। युवक के सिर में कनपटी पर गोली का निशान मिला है।
शव के पास तमंचा 315 बोर, एक खोखा व कारतूस मिला है। पुलिस प्रथम दृष्टया खुदकुशी किए जाने की आशंका जता रही है। युवक की शिनाख्त अंशु पुत्र विजय बहादुर निवासी धुंधपुर थाना सुमेरपुर जनपद हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस गोली लगने के संबंंध में जांच कर रही है।
कस्बे से भुरवा नाले की ओर गए ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। माैके पर पहुंचे थानाध्यक्ष जसपुरा राधाकृष्ण तिवारी ने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। कुछ देर बाद सीओ सदर प्रतीक्षा सिंह व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
थानाध्यक्ष राधाकृष्ण तिवारी ने बताया कि युवक की कनपटी में गोली लगने का निशान है। शव के पास से तमंचा, खोखा व कारतूस बरामद किया गया है। शव को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भेजा है। सीओ प्रतीक्षा सिंह ने बताया कि युवक की शिनाख्त हो गई है।