बांदा। खादी ग्रामोद्योग मेले में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। अध्यक्षता डॉ. चंद्रिका प्रसाद दीक्षित ललित ने की। वरिष्ठ कवि आरसी योगा ने मेले की रौनक और उत्साह को अपनी हास्य रचना के माध्यम से अभिव्यक्त करते हुए कहा कि मेले में आए हो तो टहलते-टहलते कुछ ले लो...। वरिष्ठ कवयित्री अंबे तिवारी ने बेटियों के सम्मान और गौरव को रेखांकित करती अपनी रचना बेटियां गुमान हैं हमारा... प्रस्तुत की। चित्रकूट के कवि दिनेश दीक्षित संघर्षी ने पिता के संघर्ष, प्रेम और बलिदान को व्यक्त करती भावपूर्ण पंक्तियों से भावविभोर किया। डॉ. राजेन्द्र तिवारी स्वदेश ने अपनी राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचना जय हिंद, हम वंदे मातरम मरते-मरते कहते हैं के माध्यम से देशप्रेम का स्वर बुलंद किया। प्रसिद्ध गजलकारा प्रियंका त्रिपाठी, वरिष्ठ कवि एवं छंदकार ठाकुरदास शर्मा पंछी आदि ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत की। जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी योगेंद्र पटेल मौजूद रहे।