बांदा। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। टॉफी का लालच देकर युवक 10 वर्षीय बालिका को अपने घर के अंदर ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। हालांकि बालिका की सूझबूझ और साहस से आरोपी सफल नहीं हो सका।
आरोपी ने बच्ची को बहला कर घर के भीतर ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर घबराई बालिका ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। लोगों को अपनी तरफ आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सहमी बच्ची ने परिजन को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद परिवार उसे लेकर सीधे थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
बबेरू कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि आरोपी प्रमोद के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्जकर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार आगे की कार्रवाई की जाएगी।