ओरन। बाइकों की टक्कर में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि चाचा व दूसरी बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
जानकारी के अनुसार, बदौसा थाना क्षेत्र के शाहपुर सानी गांव निवासी प्रवासी मजदूर सुनील यादव (27) पुत्र ब्रजराज बाइक में चाचा रमेश (33) को लेकर सोमवार को ओरन बाजार करने गया था, शाम को बाइक से दोनों घर आ रहे थेे। जैसे ही बाइक बिसंडा थाना क्षेत्र में कालीन नाले के पास पहुंची तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। दूसरी बाइक सवाप उतरवां (बदौसा) गांव निवासी सुनील वर्मा (28) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से पीएचसी बिसंडा पहुंचाया। यहां डाक्टर ने सुनील यादव को मृत घोषित कर दिया। रमेश और सुनील की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया।
यूपी 112 से टकराई बाइक, दो घायल
कालिंजर। पेट्रोल पंप से तेल भराकर निकल रहे बाइक सवार पुलिस की यूपी-112 वाहन से टकरा गए। पुलिस ने उन्हें नरैनी सीएचसी भेजा। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कालिंजर थाना क्षेत्र के रानीपुर मटखना गांव निवासी विनोद पुत्र पुन्ना अपने दोस्त हरिओम निवासी डिंगवाही के साथ पेट्रोल भराने आए थे। यहां से निकलते समय यूपी 112 वाहन से उनकी बाइक टकरा गई। दोनों को गंभीर चोटें आईं हैं।