बबेरू। कोतवाली क्षेत्र के विनवट गांव में रविवार को एक युवक पारिवारिक विवाद के बाद शराब के नशे में पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसने कूदकर जान देने की धमकी दी, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
विनवट गांव निवासी सुनील सिंह (35) पुत्र समरजीत सिंह का अपने भाइयों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को शराब के नशे में वह गांव की पानी की टंकी पर चढ़ा था। ग्रामीणों ने तत्काल उसके परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 का पीआरवी दल और बेर्रांव चौकी प्रभारी अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सूझबूझ से सुनील को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस अब सुनील और उसके भाइयों को कोतवाली ले गई है, जहां जमीन बंटवारे के विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।