अतर्रा (बांदा)। पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने घर के कच्चे कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। पत्नी पड़ोसियों को विवाद की जानकारी देकर पति को समझाने के लिए कहने गई थी।
कस्बे के सिविल लाइन मोहल्ला निवासी बुद्धविलाश (30) सोमवार शाम करीब छह बजे घर में बने कच्चे कमरे में चला गया। छोटे भाई संदीप ने बताया कि बुद्धविलाश का पत्नी आरती से विवाद हो रहा था। इसी दौरान आरती पड़ोसियों के पास जाकर विवाद की जानकारी देने और पति को समझाने के लिए कहने चली गई। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटी तो पति घर में नहीं मिला। कच्चे कमरे में जाकर देखा तो बुद्धविलाश लकड़ी की थूनी में साड़ी के फंदे से लटका मिला।
संदीप के मुताबिक, बुद्धविलाश तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी आरती के अलावा दो पुत्रियां महिमा (7) और दिव्यांशी (2) और पुत्र अरमान (5) हैं। वह कस्बे में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मां गुदुलिया ने भी बीमारी से परेशान होकर दो वर्ष पहले इसी कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी थी। वृद्ध पिता कल्लू भी मजदूरी करते हैं।
कोतवाली प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि युवक की मौत फांसी लगाने से हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।