बांदा। जसपुरा थाना क्षेत्र के गौरी कलां गांव में एक युवक पंकज ने नींद से जगाने पर नाराज होकर फंदा लगाकर जान दे दी। पिता ने बताया कि उसकी शादी के लिए बातचीत चल रही थी। उसके नाम करीब 11 बीघा जमीन थी।
परिजन ने बताया कि रविवार को गांव में एक व्यक्ति की मौत होने के कारण परिवार के लोग वहां जाने की तैयारी कर रहे थे। पंकज नीचे कमरे में सो रहा था। पिता राजकिशोर ने उसे जगाकर साथ चलने के लिए कहा। इस पर पंकज नाराज हो गया और दूसरे खंड के कमरे में चला गया। परिजन को लगा कि वह दोबारा सोने चला गया है।
शाम करीब 7:30 बजे उसकी मां और भाई चाय पीने के लिए उसे जगाने गए तो कमरे में पंकज का शव फंदे से लटका मिला। उसने साड़ी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। थाना प्रभारी ऋषिदेव सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पंकज खेती करता था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। घटना के बाद मां शांति का रो-रोकर बुरा हाल है।