बांदा। अलग-अलग सड़क हादसों में युवा किसान और बालिका की मौत हो गई। पहली घटना में खेत से घर आते समय ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में तेज रफ्तार जीप की टक्कर से बालिका की जान चली गई।
गिरवां थाना क्षेत्र के पौड़रा गांव के मजरा फदाली पुरवा निवासी रामकेश (35) पुत्र सौखीलाल मंगलवार की रात खेत की बुवाई कर ट्रैक्टर से घर लौट रहा था। पुरवा के नजदीक तेज रफ्तार ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया और रामकेश की दबकर मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक भाग निकला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के भाई बिंदा प्रसाद ने बताया कि पिता के नाम 8 बीघा जमीन है। उसी की ट्रैक्टर से बुवाई कराने गया था। मृतक के 6 पुत्रियां और एक पुत्र है।
दूसरी घटना में शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव निवासी कमलेश की 4 वर्षीय पुत्री अंजू देवी बुधवार को सुबह सामान लेने दुकान गई थी। सड़क पार करते समय नरैनी की तरफ जा रही तेज रफ्तार जीप ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के चाचा अर्जुन ने बताया कि तीन बहनों में छोटी थी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। कोतवाली में अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत
कमासिन। थाना क्षेत्र के चकरेही गांव के मजरा दलपा पुरवा निवासी रमाकांत उर्फ कालीदास (22) पुत्र संतोष तिवारी की मंगलवार को शाम पंचायत घर के पास ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। वह चौराहे से घर आ रहा था। यूपी-112 ने शव को सड़क से हटवाया और परिजनों को सूचना दी। वह दमन में मजदूरी करता था। नए साल का जश्न मनाने तीन दिन पूर्व रमाकांत घर आया था। थाना इंस्पेक्टर ताराचंद्र पटेल ने बताया कि मृतक की पत्नी कलावती गांव के विद्यालय में रसोइया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, ग्रामीणों ने बताया कि चकरेही घाट बागै नदी से दिन-रात ट्रैक्टरों से बालू की ढुलाई होती है। आए दिन हादसे होते हैं।