बांदा। बिसंडा क्षेत्र के सिंहपुर में रविवार को हलछठ पर्व पर दंगल का आयोजन किया गया। इसमें नामी-गिरामी पहलवानों ने अपने दांव पेच दिखाए। कुश्ती के दौरान बांदा के पहलवान ने पचनेही के पहलवान को चित कर दिया। अन्य कुश्तियों में विजेता पहलवानों को भी पुरस्कार देकर हौसलाफजाई की गई।
ग्राम प्रधान राममिलन शिवहरे, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राजाबाबू चतुर्वेदी ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर कुश्ती का शुभारंभ कराया। दंगल में क्षेत्र के साथ ही दूसरे जिलों से भी पहलवान आते हैं। महुटा और पचनेही पहलवान के अलावा अन्य पहलवानों ने भी दंगल में अपने दांव-पेच दिखाए। विजेता पहलवान को दंगल कमेटी के पदाधिकारियों ने पुरस्कार देकर हौसला बढ़ाया।
मऊ के सुदामा केसरी पहलवान ने हमीरपुर के पहलवान कपिल को, पचनेही के नीरज पहलवान ने मऊ के कुंजबिहारी को पटखनी दी। बांदा के पहलवान रोहित ने पचनेही के पहलवान नीरज को हराकर दंगल में विजय हासिल की। दंगल के दौरान बारिश होने के बावजूद पहलवानों ने कुश्ती का प्रदर्शन किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान राममिलन शिवहरे, शिवभोला, नीरज कबीर, मुन्नू पाण्डेय, शिवपूजन गर्ग, और पुलिसकर्मी के अलावा सैकड़ों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।