पावर कारपोरेशन के स्टोर का निरीक्षण करते कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक एसपीएस राठौर
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन प्रबंध निदेशक (दक्षिणांचल) एसडीएस राठौर ने मंगलवार को यहां चिल्ला रोड स्थित 132 केवी सब स्टेशन के पास कारपोरेशन के भंडार और वर्कशाप का निरीक्षण किया। जलभराव के बीच रखे कीमती ट्रांसफार्मर व अन्य उपकरणों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित सहायक अभियंता और स्टोर कीपर को फटकार लगाई। प्रबंध निदेशक ने पहले भंडार (स्टोर) का निरीक्षण किया। यहां तमाम ट्रांसफार्मर व अन्य उपकरण बारिश से हुए जलभराव के बीच रखे थे। कीमती उपकरणों की इस दुर्दशा पर उन्होंने अभियंताओं को आड़े हाथों लिया। पूछा कि स्टोर मेें कुल कितने ट्रांसफार्मर और इनमें कितने खराब व कितने सही हालत में हैं? स्टोर के सहायक अभियंता पीके दास और स्टोर कीपर अरविंद शर्मा इस पर कुछ नहीं बता पाए।
प्रबंध निदेशक ने दोनों को फटकारा। उन्हें चेतावनी दी साथ ही निरीक्षण में मौजूद मुख्य अभियंता एके सक्सेना को निर्देश दिया कि स्टोर में रखे ट्रांसफार्मरों की सूची बनवाएं। ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाने को कहा। वर्कशाप की हालत देखकर प्रबंध निदेशक का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा। कहा कि यह वर्कशाप है कबाड़खाना। वर्कशाप इंचार्ज संजय कुमार को सही रखरखाव की चेतावनी दी। ट्रांसफार्मरों आदि की गुणवत्ता जांचने वाले उपकरण खराब मिले। प्रबंध निदेशक ने इस पर भी नाराजगी जताई। इंचार्ज से यह तक कह डाला कि उनके जैसे लोग ही विभाग को चूना लगा रहे हैं। ट्रांसफार्मरों की टेस्टिंग पर कड़ाई से अमल करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता के अलावा अधीक्षण अभियंता शेष कुमार बघेल व राजेंद्र कुमार और चित्रकूट के अधिशासी अभियंता एसके विश्वकर्मा भी थे।