बांदा। शहर कोतवाली क्षेत्र के पड़ुई गांव में भोपाल से घर लौटे मजदूर की अचानक हालत बिगड़ गई।
परिजन ने पहले झाड़फूंक कराई। आराम नहीं मिलने पर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन जहर खाने की आशंका जता रहे हैं।
पड़ुई गांव निवासी छोटेलाल (33) भोपाल के एक होटल में काम करता था। शनिवार सुबह वह गांव लौटा था। भतीजी जानकी के अनुसार घर पहुंचने के बाद उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन ने झाड़फूंक कराने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजन ने बताया कि गांव पहुंचने के बाद छोटेलाल की पत्नी रानी ने मायके जाने की बात कही थी। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की चर्चा है। छोटेलाल ने पत्नी से कहा था कि मायके गई तो मरा मुंह देखोगी। परिजन जहर खाने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस इसे अचानक तबीयत बिगड़ने का मामला बता रही है।
शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं, जिनमें दो पुत्रियां और एक पुत्र है।