बांदा। ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय समूहों की महिलाएं अब बिजली का बिल भी वसूलेंगी। इसके लिए समूह की महिलाओं का विद्युत विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण कराया जाएगा। इसके लिए ब्लाकवार महिलाओं का चयन किया गया। यह जानकारी रविवार को उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विकास भवन सभागार में एनआरएलएम स्टाफ की बैठक में सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा ने दी।
उन्होंने कहा कि समूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा। वह ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं से बिजली का बिल वसूल कर जमा करेंगी। एनआरएलएम के डिप्टी कमिश्नर कृष्ण करुणाकर पांडेय ने कहा कि महिला समूहों को रिक्त राशन की दुकानों के संचालन के लिए प्रस्ताव तैयार करके चयन किया जाए। पुष्टाहार निर्माण इकाई सभी ब्लाकों में खोला जाना है। इसके लिए चयन का स्थान, यूनिट के लिए कमेटी का चयन आदि प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता अजय सविता ने प्रोजेक्टर से बिजली का बिल जमा किए जाने की जानकारी दी। नरैनी से 25, बबेरू से 24, बड़ोखर से 47, महुआ से 20, जसपुरा से 13, कमासिन से 20, बिसंडा से 25 महिलाओं का चयन किया गया।
बैठक के बाद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की कोविड-19 जांच कराई गई। डीएमएम राकेश सोनकर, शालिनी जैन, निखा सचान, प्रवीण कंचनी, धर्मेंद्र जायसवाल, अरुण लौर, अमित चौहान, अभिसार जैन, कमल मिश्रा, हनीफ खां, जगमोहन लाल, निशा राजपूत, अशोक कुमार, अनुज शुक्ला, अशोक राज आदि मौजूद रहे।