खप्टिहा कलां। युवती की जहर से ससुराल में मौत हो गई। ससुराल वाले जहां आत्महत्या बता रहे हैं, वहीं मायके वालों ने इसे दहेज हत्या बताया है। पुलिस की डाग स्क्वॉड टीम ने घटनास्थल की छानबीन की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पैलानी थाना क्षेत्र के डांडामऊ गांव में शनिवार की रात कोमल (25) पत्नी राजपाल की जहर से हालत बिगड़ने पर ससुराल के लोग जिला अस्पताल लाए। यहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। ससुराल वाले शव गांव ले आए। अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही थीं। इसी दौरान मृतका के पिता श्रीलाल (जौहरपुर, तिंदवारी) ने थाने में पुत्री की हत्या का आरोप लगाते हुए सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पिता ने बताया कि कोमल की शादी वर्ष 2016 में हुई थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ससुराल में दहेज के लिए उसके साथ मारपीट की जा रही थी। कई बार कोमल ने मायके में यह बात बताई। बताया कि शनिवार (4 दिसंबर) को पति राजपाल व सास सुशीला ने कोमल के साथ मारपीट की और जबरन जहर खिला दिया।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने धारा 304 (बी), 323, 504, 506 व दहेज अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पैलानी थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड भेजा है। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला की तीन साल की बेटी ज्योति है। पति खेती-किसानी करता है।