बांदा। मरौली गांव में पत्नी प्रियंका सिंह की हत्या करने वाले आरोपी पति दीपू सिंह को पुलिस ने सोमवार को गांव से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह तेल मालिश करने के लिए बच्चे को पत्नी से मांग रहा था। पत्नी ने बच्चे को मुझे देने के बजाय चारपाई पर पटक दिया। इससे गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से वार करके उसकी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि मारपीट के एक मामले में दीपू की पहले से तलाश थी।
मटौंध थाना क्षेत्र के मरौली गांव निवासी प्रियंका सिंह (30) की उसके पति संदीप उर्फ दीपू सिंह ने गले और कान के नीचे कुल्हाड़ी से चार-पांच वार करके रविवार को हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से भाग गया था।
सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्यारोपी दीपू सिंह को सोमवार को गांव से गिरफ्तार कर लिया है। आला कत्ल कुल्हाड़ी को मौके-ए-वारदात से बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि वह प्रतिदिन अपने दो माह के बच्चे की तेल मालिश करता था। वारदात वाले दिन वह चारपाई पर बैठा था। बच्चे की मालिश करने के लिए पत्नी प्रियंका से मांगा तो वह नहीं दे रही थी। जब उसने गुस्से में जोर से कहा तो प्रियंका ने बच्चे को चारपाई पर पटक दिया। गुस्से में आकर उसने पास में रखी कुल्हाड़ी से प्रियंका पर चार-पांच वार कर दिए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया कि वारदात के समय मां मालती सिंह रसोई में खाना बना रही थीं। उन्हें मामले की भनक तक नहीं लगी। अधिक उम्र होने की वजह से मां को कम सुनाई देता है। सीओ सिटी ने बताया कि हत्यारोपी को जेल भेजा जा रहा है।
-
पुत्र की हरकतों से आजिज पिता दो माह से हैं लापता
मरौली गांव निवासी किसान रणजीत सिंह के दो बेटे हैं। बड़ा पुत्र दीपू शराब पीने का आदी है। दीपू की हरकतों से आजिज आकर पिता दो माह से घर से लापता हैं। फिलहाल घर में उनकी पत्नी मालती, छोटा पुत्र सोनू व बहू प्रियंका और हत्यारोपी बेटा दीपू सिंह ही रहते हैं। वारदात के समय दीपू का छोटा भाई घर पर नहीं था। वह गांव में हो रही श्रीमद्भागवत कथा सुनने गया था। पिता के पास करीब 25 बीघा जमीन है। खेती से ही गुजर-बसर होता है।