बांदा। मंडल के बांदा, चित्रकूट, महोबा और हमीरपुर में खोले गए 194 क्रय केंद्रों में बांदा के पांच केंद्रों पर ताला लटक रहा है। इन पांच केंद्रों में केवल 50 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है। अन्य 189 क्रय केंद्रों में बुधवार तक गेहूं की खरीद होनी है। इस वर्ष गेहूं खरीद का लक्ष्य 2.4 लाख मीट्रिक टन रखा गया था। अब तक 16,471 मीट्रिक टन ही खरीद हुई है। यह महज आठ फीसदी है।
गेहूं की खरीद को बढ़ाने के लिए प्रशासन ने ‘मोबाइल खरीद केंद्र’ की शुरूआत की थी। कहा गया था कि किसान के एक फोन पर उसके घर व खलिहान जाकर गेहूं की खरीद की जाएगी। इसके अलावा ग्राम पंचायतों को भी गेहूं की खरीद को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रेरित करने का काम सौंपा गया था। वहीं, पिछले साल मंडल में 1,27,134 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया था।
मंडल में गत वर्ष आर इस वर्ष गेहूं खरीद (मीट्रिक टन में)
जनपद गत वर्ष इस वर्ष
बांदा 46124.800 5991.10
हमीरपुर 39116.900 3269.05
महोबा 25085.450 2402.40
चित्रकूट 16807.162 4809.26
योग- 127134.312 16471.81
24,153 किसानों ने नहीं बेचा गेहूं
पिछले वर्ष मंडल में 28,585 किसानों ने गेहूं बेचा था। इस वर्ष किसानों की संख्या घटकर महज 4432 रह गई। इस बार 24,153 किसानों ने गेहूं नहीं बेचा।
-----
27 घंटे में भुगतान के दावे हवाहवाई
चित्रकूटधाम मंडल के चारों जनपदों में किसानों ने 3319.47 लाख का गेहूं बेचा। इसमें एजेंसियों ने 2368.35 लाख का भुगतान किया। किसानों का अभी भी एजेंसियों के पास 951.12 लाख का भुगतान बकाया है।
------
वर्जन -
खुले बाजार में गेहूं की कीमतें बढ़ने से भी खरीद में प्रभाव पड़ा है। प्रशासन की ओर से किसानों को केंद्र तक लाने की पूरी कोशिश हुई है।
संजीव कुमार
संभागीय खाद्य नियंत्रक
चित्रकूटधाम मंडल, बांदा