बांदा। पेयजल समस्या के समाधान के लिए ब्लाक स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित होगा। सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा ने समस्त बीडीओ भेजे पत्र में कहा कि अधिशासी निदेशक राज्य पेयजल स्वच्छता मिशन ने गर्मी में पेयजल समस्या के निदान के लिए जिला मुख्यालय सहित ब्लाक खंड स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना निर्देश दिए हैं। जिला मुख्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी गई है। विकास खंड कार्यालयों में दो दिन के अंदर कंट्रोल रूम की स्थापना कर नोडल अधिकारी नामित किया जाएं। कंट्रोल रूम में कर्मियों की ड्यूटी तीन शिफ्ट में लगाई जाए। (संवाद)
---------------
भूमिधरी जमीन में कब्जे की शिकायत
बांदा। बबेरू के राघव थोक की केशरिया ने डीएम को दी अर्जी में बताया कि उसने अतर्रा तहसील के मौजा करगेहना में जागेश्वर से 20 बीघा कृषि भूमि खरीदी थी। जो राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, लेकिन अब जागेश्वर के भतीजे जमीन में कब्जा कर रहे है। मना करने पर उसे व बेटों को पीटा। जिसकी रिपोर्ट 9 सितंबर 2019 को गिरवां थाने में दर्ज कराई गई थी। मौजूदा समय में खेतों में मसूर की फसल बोई हुई है, जिसे काटने नहीं दिया जा रहा है। जांच व कार्रवाई की मांग की है। (संवाद)
-----------------
कर्मियों सहित यात्रियों का कोरोना टेस्ट
बांदा। कोरोना के एक बार फिर बढ़ने से रोडवेज में चालक-परिचालक सहित यात्रियों की कोरोना जांच हुई। मेडिकल टीम ने एक सैकड़ा से अधिक यात्रियों और कर्मियों का कोरोना टेस्ट किया। एआरएम परमानंद ने बताया कि दिल्ली व मुंबई में एक बार फिर कोरोना बढ़ने से प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ड्राइवर, कंडेक्टर सहित एक सैकड़ा यात्रियों को कोरोना टेस्ट कर नाम पते आदि दर्ज किए। फिलहाल कोई भी यात्री कोरोना पॉजिटिव नहीं निकला है। उधर, बस स्टैंड में थर्मल स्क्रीनिंग के लिए कोविड कक्ष को पहली अप्रैल से सक्रिय कर दिया गया है। (संवाद)
----------------
भगवान के स्मरण से मानव परम पावन
बांदा। बबेरू रोड स्थित वाटिका में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में शनिवार को दूसरे दिन आचार्य अभिषेक शुक्ला ने कहा कि भगवान के स्मरण या संपर्क से मानव परम पावन हो जाते हैं। इस मौके पर मदन किशोर तिवारी, पप्पू तिवारी, अरविंद मिश्रा, लवकुश मिश्रा, आर्यंश मिश्रा, मनोज अवस्थी, अनुज तिवारी, ओमप्रकाश व अनिल आदि मौजूद रहे। (संवाद)
-----------------
महोत्सव से पूर्व सड़क निर्माण की मांग
खत्री पहाड़। सिद्धिदात्री विंध्यवासिनी देवी गिरवां में नवरात्र महोत्सव की तैयारियां चल रही हैं। मेला प्रबंध समिति अध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा व प्रबंधक शैलेंद्र कुमार शुक्ला उर्फ शीलू ने बताया कि सीमावर्ती एमपी के केन नदी पुल स्योढ़ा निहालपुर से मंदिर तक की 5 किमी सड़क ओवरलोड बालू ट्रकों से ध्वस्त है। श्रद्धालुओं को असुविधा होगी। दुर्घटनाओं की आशंका रहेगी। उन्होंने प्रशासन से यह सड़क शीघ्र बनवाने की मांग की। (संवाद)
---------------
छह प्रधानाचार्य सेवानिवृत्त
बांदा। दो राजकीय स्कूलों समेत सहायता प्राप्त विद्यालयों के छह प्रधानाचार्य रिटायर्ड हो गए। उनके स्थान पर वरिष्ठता क्रम के आधार पर शिक्षकों को नियुक्ति दी जाएगी। डीआईओएस विनोद सिंह ने बताया कि जीआईसी बांदा के प्रधानाचार्य बृजराज यादव, राजकीय हाईस्कूल, अघरौरी की प्रधानाचार्य ममता पाराशर सहित सहायता प्राप्त विद्यालयों के चार प्रधानाचार्य सेवानिवृत्त हो गए हैं। (संवाद)
--------------
कोटेदारों ने मांगा 30 हजार रुपये मानदेय
बांदा। 300 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन अथवा 30,000 रुपये मानदेय देने समेत छह सूत्री मांग को लेकर आल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर्स फेडरेशन की बांदा यूनिट ने प्रदर्शन कर सीएम को संबोधित ज्ञापन जिला पूर्ति अधिकारी को सौंपा। मांगे पूरी न होने पर पांच अप्रैल को सांकेतिक हड़ताल की चेतावनी दी है। शनिवार को जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह के नेतृत्व में उचित दर विक्रेताओं ने मांग की कि कोटेदारों द्वारा अनाज व चीनी का वर्ष 2001 से बकाया भुगतान कराया जाए। प्रशासनिक विभाग टोल फ्री नंबर मुहैया कराएं। सेल रजिस्टर, स्टाक रजिस्टर व वितरण प्रमाण पत्र की अनिवार्यता समाप्त करने, चीनी पूर्व की भांति प्रति क्विटंल के हिसाब से छीजन देने आदि की मांगें कीं। ज्ञापन देने में शिवकरन गर्ग, सुशील शिवहरे, हरिशंकर आदि पदाधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)
-----------------
छेड़छाड़ के आरोप में मजदूर को पीटा
अतर्रा। छेड़छाड़ का आरोप लगाकर दबंगों ने फड़ में काम रहे मजदूर को डंडों से पीटकर घायल कर दिया। मजदूर ने थाने में तहरीर दी है। सिमरिया कुशल गांव का मोहन फड़ में मजदूरी करता है। बृहस्पतिवार को फड़ के सामने खेत पर बकरी चरा रही किशोरी ने छेड़छाड़ का आरोप लगा दिया। किशोरी के परिजनों ने मोहन को पीटकर घायल कर दिया। फड़ मालिक ने सीएचसी भेजा, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायल ने आरोप को गलत बताया। (संवाद)
------------------
मनचलों के खिलाफ अभियान
अतर्रा। बिसंडा थाना पुलिस ने शनिवार को मनचलों के विरुद्ध एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया। एसओ नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में एसआई ईश्वरचंद्र चौहान व महिला पुलिस कर्मियों ने संदिग्ध युवकों से पूछताछ की। कॉलेजों के आसपास बेवजह घूम रहे युवकों के नाम पता लिखते हुए दोबारा मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। महिला सिपाही प्रियंका यादव, आकांक्षा राठौर, रोहित यादव, पूजा, रश्मि तिवारी आदि शामिल रहीं। (संवाद)
--------------
कोचिंग में गाइडलाइन की अनदेखी
अतर्रा। नगर के नरैनी रोड, सिविल लाइन, बांदा रोड, रामलीला मैदान, स्टेशन रोड, बाऊर बाजार, लखन कालोनी, बदौसा रोड आदि में चल रही कोचिंगों में कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा। समाजसेवी दिनेश गुप्ता व मंजुल द्विवेदी ने कार्रवाई की मांग की है।(संवाद)