बांदा। दहिनवारा कार्यक्रम से लौट रहे बाइक सवार चौकीदार और सेल्समैन को सामने से आई कार ने टक्कर मार दी। हादसे में चौकीदार की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे सेल्समैन को कानपुर रेफर कर दिया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के परशुराम तालाब मोहल्ला निवासी भोला (48) शहर के पेट्रोल पंप पर चौकीदारी का काम करते थे। वह पेट्रोल पंप पर सेल्समैन अतर्रा चुंगी चौकी निवासी ओमप्रकाश (26) के साथ बुधवार को रिश्तेदारी में दहिनवारा कार्यक्रम में शामिल होने शिवरामपुर गए थे। देर रात घर लौट रहे थे। चित्रकूट के शिवरामपुर व भरतकूप के बीच सामने से आई कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने उन्हें पहले बदौसा फिर जिला अस्पताल में दिखाया। जिला अस्पताल से देर रात रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान भोला की मौत हो गई। ओमप्रकाश को भर्ती कराया गया है। भोला के पुत्र संजय ने बताया कि बाइक ओमप्रकाश चला रहे थे। वह हेलमेट लगाए थे। भोला बाइक में पीछे बैठे थे। भोला के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि हादसा चित्रकूट जनपद में हुआ है। मेडिकल कॉलेज में मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।