बबेरू। खाना बनाते समय अचानक घरेलू गैस सिलिंडर में लीकेज हो जाने से मां-बेटी समेत तीन लोग झुलस गए। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव निवासी अवधेश साहू की 12 वर्षीय पुत्री शिवानी बुधवार को सुबह गैस चूल्हे में खाना बना रही थी। अचानक गैस लीकेज होने से आग लग गई। आग की चपेट में आकर वह झुलस गई। आवाज सुनकर उसकी बड़ी बहन रोशनी (15) दौड़ कर पहुंची और रेगुलेटर निकालने लगी तो वह भी आग से झुलस गई। दोनों बेटियों के झुलसने और चीखने की आवाज सुनकर उन्हें बचाने पहुंची मां तुलसी (35) भी आग से झुलसकर बेहोश हो गई।
परिजनों ने तीनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने रोशनी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।