बांदा। प्रभारी सीडीओ सुधीर कुमार (आईएएस) ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागों के पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से दो टूक कहा कि कार्यों में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि समय से उपस्थिति और कोरोना संक्रमणकाल में लंबित योजनाओं को पूरा करने पर ध्यान दिया जाए।
सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा के सेवानिवृत्त होने पर सुधीर कुमार ने बृहस्पतिवार (पहली जुलाई) को कार्यभार संभाला है। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सीडीओ ने एनआरएल डिप्टी कमिश्नर कृष्ण करुणाकरण पांडेय को निर्देश दिए कि स्वयंसेवी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
इस दौरान उन्होंने सामुदायिक शौचालय, रिक्त राशन की दुकानों के आवंटन की जानकारी ली। साथ ही जिला ग्राम्य विकास विभाग में सफाई सहित प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास के आवंटन की जानकारी ली। ग्राम्य विकास अधिकारी आरपी मिश्रा को लक्ष्य के सापेक्ष आवास आवंटन के लिए बीडीओ को पत्र लिखने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत राज अधिकारी सर्वेश कुमार से प्रधानों के खाता खोले जाने के संबंध में जानकारी ली। कहा कि गांवों में जो सामुदायिक शौचालय तैयार हो गए हैं, उन्हें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को हस्तांतरित किया जाए। जिला कृषि अधिकारी डा. प्रमोद कुमार को निर्देश दिए कि किसानों को खाद, बीज की कमी न हो। जिला विकास, अर्थ एवं संख्या विभाग, समाज कल्याण, जिला पूर्ति विभाग का भी निरीक्षण कर योजनाओं की समीक्षा की। विकास भवन कर्मचारी संघ की अध्यक्ष रीता, सीडीओ स्टोनों अनूप रावत, जिला परियोजना समन्वयक डा. मनोज द्विवेदी, जिला परियोजना प्रबंधक वंशबहादुर, विशाल सिंह आदि मौजूद रहे।