बांदा। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होते ही चुनावी चर्चाओं का माहौल गरमा गया है। चित्रकूट धाम मंडल की सभी 10 सीटों पर क्रमश: तीसरे, चौथे व पांचवें चरण में मतदान होगा। उधर, यहां कलक्ट्रेट में शनिवार शाम निर्वाचन कंट्रोल रूम चालू कर दिया गया।
घोषित चुनावी कार्यक्रम के अनुसार बांदा जनपद में चौथे चरण में 23 फरवरी को चारों सीटों तिंदवारी, बबेरू, नरैनी (सुरक्षित) और बांदा में मतदान होगा। पांचवें चरण में चित्रकूट जनपद की दोनों सीटों चित्रकूट और मानिकपुर में 27 फरवरी को वोट पड़ेंगे। इसके पूर्व हमीरपुर व महोबा में तीसरे चरण में 20 फरवरी को दोनों जनपदों की चारों सीटों पर मतदान होगा।
उधर, चुनावी आचार संहिता लागू होने के बाद शनिवार देर शाम उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम उमाकांत त्रिपाठी ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम चालू कर दिया गया है। यह पूरे चुनावी प्रक्रिया तक 24 घंटे काम करेगा। कोई भी व्यक्ति निर्वाचन संबंधी जानकारी कंट्रोल रूम से ले सकेगा। यहां जानकारी साझा भी की जा सकेगी। इसका बेसिक टेलीफोन नंबर- 05192-285795 है।