वोट मांगते अधिवक्ता संघ चुनाव के प्रत्याशी अधिवक्ता।
- फोटो : अमर उजाला
जिला अधिवक्ता संघ के वार्षिक चुनाव के लिए बुधवार (6 फरवरी) को मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इल्डर्स कमेटी की देखरेख में प्रात: 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान और उसके कुछ ही देर बाद मतगणना होगी। 7 फरवरी को संघ सभागार में परिणामों की अधिकृत घोषणा के साथ प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे। उधर, मंगलवार को दूसरे दिन पोस्टल बैलेट से हुए मतदान में 34 अधिवक्ताओं ने वोट डाले।
इसके पूर्व 4 फरवरी को 14 अधिवक्ताओं ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया था। दोनों दिनों में कुल 48 पोस्टल बैलेट मतदान हुए। इल्डर्स कमेटी अध्यक्ष मनमोहन सिंह सहित सदस्य हरिप्रसाद अवस्थी, हरिभजन गुप्त, चंद्रमोहन कृष्ण मौन और लखन स्वरूप पांडेय आदि शामिल रहे। उधर, पूर्व संध्या पर संघ चुनाव में प्रत्याशियों ने पूरा दिन कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं से संपर्क कर वोट मांगे। देर रात तक दावतों और दावों का सिलसिला चलता रहा। अध्यक्ष पद पर सुबीर सिंह और चंद्रमौलि शुक्ल के बीच सीधा मुकाबला है। महासचिव पद पर सात प्रत्याशी हैं। कुल मतदाता 1561 हैं।