आमरण अनशन खत्म कराते अपर एसपी एलबीके पाल।
- फोटो : अमर उजाला
अनशन पर बैठने के 15 घंटे बाद ही नए कोतवाल की नियुक्ति का आदेश हाथ में आते ही जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष ने एएसपी से चाय पीकर आमरण अनशन खत्म कर दिया। कहा कि यह अधिवक्ता संघ के सम्मान का संघर्ष था।
शहर कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह को हटाने और नए कोतवाल की तैनाती की मांग को लेकर जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी जीतू ने सोमवार की सुबह स्वतंत्रता स्मारक अशोक लाट पर आमरण अनशन शुरू किया था। हालांकि इसके पहले ही डीआईजी ने कोतवाली प्रभारी का तबादला आदेश 31 जनवरी को जारी कर दिया था, लेकिन संघ अध्यक्ष का कहना था कि मौजूदा कोतवाल की रवानगी और नए कोतवाल की तैनाती के बाद ही आमरण अनशन खत्म करेंगे।
अनशन स्थल पर दिन भर अधिवक्ताओं का जमघट रहा। देर रात एएसपी एलबीके पाल और क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र ने अनशन स्थल आकर अध्यक्ष को उनकी सेहत का वास्ता देकर अनशन खत्म करने का अनुरोध किया, लेकिन अध्यक्ष ने नए कोतवाल की तैनाती का आदेश मिले बगैर अनशन तोड़ने से इनकार कर दिया।
आधी रात बाद तड़के करीब 1.20 बजे एएसपी और क्षेत्राधिकारी पुन: अनशन स्थल आए। इस बार उनके पास मोबाइल पर पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर कोतवाली में नए प्रभारी की नियुक्ति संबंधी आदेश की प्रति थी। इस आदेश की प्रति हासिल करने के बाद अध्यक्ष मान गए। एएसपी ने उन्हें अपने हाथों से चाय पिलाई और अनशन खत्म कराया। अध्यक्ष ने आंदोलन और अनशन में सहयोग करने वाले अधिवक्ताओं और राजनैतिक दलों का आभार जताया। इस अवसर पर लोकतंत्र रक्षक सेनानी नौशाद अली भारतीय सहित कई अधिवक्ता भी मौजूद रहे।