बांदा। 18 वर्ष उम्र के पायदान पर कदम रखकर पहली बार मतदान ने युवाओं को कुछ नया अहसास कराया। दाहिने हाथ की तर्जनी पर लगी स्याही को गर्व और खुशी के साथ सेल्फी और अन्य माध्यमों से साझा करते हुए युवा बहुत उत्साहित और खुश नजर आए।
युवतियों में ज्यादातर माता-पिता या अन्य अभिभावकों के साथ मतदान करने पहुंचीं। ज्यादातर युवकों ने मित्रमंडली के साथ पहली बार वोट डाला। नए मतदाताओं ने प्राथमिकताएं और मंशा गिनाईं। किसी ने विकास तो किसी ने स्थानीय मुद्दों पर वोट करने की बात कही।
माता-पिता के साथ वोट डालने आई एलएलबी छात्रा खुशी रावत ने कहा कि महिला सुरक्षा और शिक्षा के मुद्दे पर मतदान किया है। बीए की छात्रा सोनी मिश्रा ने कहा कि उसने समाज हित के लिए सोच रखने वाले प्रत्याशी को वोट दिया है। बीएससी की छात्रा पूजा देवी
ने शिक्षा, स्वास्थ्य आदि मुद्दों को मद्देनजर रखते हुए मतदान की बात कही। इंजीनियरिंग छात्र अनुराग ने कहा कि विकास, नारी शक्ति और रोजगार के मुद्दे पर वोट किया है।
मशीनों की गड़बड़ी से लेटलतीफ हुआ मतदान
बांदा/नरैनी/तिंदवारी। इंटर कालेज तिंदवारा (बांदा क्षेत्र) में सुबह मतदान से पूर्व मॉक पोल में ही ईवीएम खराब हो गई। पीठासीन अधिकारी की सूचना पर करीब एक घंटे बाद सेक्टर मजिस्ट्रेट मास्टर ट्रेनर के साथ आए और मशीन दुरुस्त की। लगभग एक घंटा मतदान बाधित रहा। भूरागढ़ प्राथमिक विद्यालय में भी मॉकपोल के दौरान मशीन चालू नहीं हुई। यहां आधा घंटा देरी से मतदान शुरू हुआ।
मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय मवई में एजेंटों के मोबाइल ले जाने पर पीठासीन अधिकारी से नोकझोंक हुई। बाद में अर्द्धसैनिक बल ने एजेंटों से मोबाइल अपने कब्जे में लेकर उनके संबंधियों को दे दिए। मतदान केंद्र गंछा में अर्द्धसैनिक बल द्वारा एजेंटों को बूथ से बाहर कर दिए जाने से आक्रोश रहा।
करीब एक घंटे बाद पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट ने एजेंटों को अंदर किया। नरैनी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जबरापुर में शाम तीन बजे ईवीएम में की बटन टूट जाने से करीब आधा घंटा मतदान प्रभावित रहा। तिंदवारी क्षेत्र के महोखर गांव में वीवी पैट खराब होने से 30 मिनट तक मतदान नहीं हो सका। पिपरगवां गांव में मतदान कार्मिक मशीन ही सेट नहीं कर सके, जिससे 35 मिनट मतदान प्रभावित रहा। जौहरपुर के प्राथमिक विद्यालय हुकुम सिंह के डेरा में ईवीएम खराब होने से एक घंटे मतदान प्रभावित रहा।