पैलानी। एक माह से खराब पड़े ट्रांसफार्मर बदले जाने की मांग को लेकर भाथा गांव के कुशवाहा डेरा के ग्रामीणों ने शुक्रवार को सड़क पर जाम लगा दिया। एक घंटे बाद तहसीलदार और थाना इंस्पेक्टर के समझाने पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
पैलानी थाना क्षेत्र के भाथा गांव के कुशवाहा डेरा निवासी लक्ष्मण कुशवाहा, बदलू कुशवाहा, प्रमोद यादव ने बताया कि एक माह से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। इसे बदला नहीं जा रहा। इस पर ग्रामीणों ने शुक्रवार को दोपहर बीच रोड में पेड़ रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार पैलानी राधेश्याम सिंह, थाना इंस्पेक्टर पैलानी सुखराम सिंह व बिजली विभाग के अधिकारियों ने जाम लगाए ग्रामीणों को सांत्वना देते हुए तत्काल प्रभाव से ट्रांसफार्मर लगाए जाने को लेकर वादा किया। तब जाकर ग्रामीणों ने जाम को खोला और जाम में फंसी दोनों ओर से गाड़ियों का आवागमन बहाल हो सका।