अतर्रा। बिसंडा थाना क्षेत्र के कैरी गांव में दुकानदार से हुए मामूली विवाद में मारपीट के दौरान सिर में डंडा लग जाने से युवक की मौत हो गई। मृतक के नाना ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
गांव का सुशील शुक्ला (22) पुत्र राजू अपने दोस्तों के साथ बाइक से घूमने निकला था। बिसंडा-बबेरू मार्ग पर स्थित दुकान से उसने 20 रुपये के गुटके खरीदे। गुटके की तंबाकू का एक पाउच खाली होने पर उसने दुकानदार से नाराजगी व्यक्त की। इसी बात पर दुकानदार और सुशील के बीच विवाद हो गया। दोनों में मारपीट शुरू हो गई। वहा खड़े अन्य लोगों ने बीच-बचाव करा दिया। सुशील घर जाने के लिए बाइक पर बैठ गया तभी दुकानदार ने पीछे से उसके सिर पर डंडा मार दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया और वहीं गिर गया। दोस्तों की सूचना पर यूपी-112 पुलिस ने उसे बिसंडा पीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि मृतक सुशील जन्म से अपने ननिहाल कैरी गांव में रहता था। मृतक के नाना ने थाने में आरोपी दुकानदार के विरुद्ध तहरीर दी है। बिसंडा थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी दुकानदार घनश्याम फरार है। पुलिस उसे तलाश रही है।
------------