खप्टिहा कलां/अतर्रा। पशु आश्रय केंद्र के चारागाह में लगी आग से पूरा चारागाह राख हो गया। उधर, पैलानी डेरा में मंगलवार को दोपहर खलिहान में आग लगने से 14 बीघा अरहर की फसल जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गई, जबकि अतर्रा थाना क्षेत्र के पचोखर गांव में श्रीप्रकाश पयासी उर्फ दादू के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में सोमवार की रात आग लग गई, जिससे करीब 3 बीघा फसल जलकर राख हो गई।
एसडीएम सौरभ शुक्ला ने बताया कि लेखपाल को भेजकर नुकसान का आकलन कराया है। होली के दिन सोमवार को पशु आश्रय केंद्र संचालक अनिल शर्मा ने बताया कि दोपहर के समय चारागाह में आग लग गई। उन्होंने फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। केंद्र के कर्मियों ने पानी ढोकर आग बुझाई। चौकी इंचार्ज ओम प्रकाश द्विवेदी ने फोर्स संग मौका मुआयना किया। घटना का कारण अज्ञात है। उधर, पैलानी डेरा में खलिहान में आग लगने से लगभग 14 बीघा अरहर की फसल जलकर राख हो गई।
मौके पर मौजूद किसान बलबीर ने अन्य लोगों को सूचना दी। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी। जब तक पहुंचे तब तक किसानों ने किसी तरह से आग में काबू पाया। थाना प्रभारी ने बताया कि पैलानी डेरा के संजय, बाबूलाल, रामकिशन, रामबहादुर, मुन्ना, राजकिशोर, सुरेश, मेवालाल, राधेश्याम, रमेश, राममूरत, रामबली, रामदेव, वीरेंद्र निषाद की अरहर की फसल जली। किसानों ने लेखपाल को सूचना दी।
इंसेट---
आग से गृहस्वामी समेत तीन झुलसे
नरैनी। नंदवारा गांव में हरिशंकर के मकान में मंगलवार को दोपहर आग लग गई। पुलिस ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग से हरिशंकर समेत उसकी पत्नी व बेटी चंचल झुलस गईं। घर में बंधी 5 बकरियां आग की भेंट चढ़ गईं। 10 हजार रुपये भी जल गए। तीनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया। यहां पिता-पुत्री को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। लोगों ने बताया कि घर के सामने बांस का पेड़ लगा है। दोपहर में तेज हवा चल रही थी। आशंका है कि बांस में घर्षण से आग लग गई। कोतवाली प्रभारी सविता श्रीवास्तव ने बताया कि फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर उन्होंने सिपाहियों की मदद से आग पर काबू किया।