अतर्रा। पालिका के जेई द्वारा निर्माण कार्यों में ठेकेदारों से 5 प्रतिशत धनराशि लेने का वीडियो वायरल होने से हड़कंप है। पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी जीतू और भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने सीएम व नगर विकास मंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, डिप्टी कलक्टर/पालिका प्रशासक अवधेश कुमार निगम ने शासन को रिपोर्ट भेजने की बात कही है।
पालिका में करीब छह वर्षों से तैनात जेई का ठेेकेदारों से कमीशन मांगे जाने का वीडियो वायरल हुआ है। वह पालिका के अंतर्गत सभी निर्माण कार्यों सहित सीसी रोड, नाला, खड़ंजा निर्माण के लिए नामित अधिकारी हैं। वायरल वीडियो में ठेकेदारों और जेई की बातचीत है। आरोप है कि कई ठेकेदारों ने काम का एडवांस भी दे रखा है। इस बाबत जेई अरुण कुमार ने कुछ भी बोलने से परहेज किया है। ईओ पालिका राम सिंह ने कहा कि अफसरों से निर्देश मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकरण में कांग्रेस प्रदेश संगठन मंत्री साकेत बिहारी मिश्रा ने जांच की मांग की है। (संवाद)