रेलवे स्टेशन में सजा पंडाल। संवाद
बांदा। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का सपना लोगों का अब पूरा होने जा रहा है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से खजुराहो नई वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन धार्मिक नगरी प्रयागराज, चित्रकूट व बांदा से होते हुए खजुराहो तक जाएगी। ट्रेन के स्वागत के लिए रेलवे स्टेशन को सजाया गया है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि से लेकर अफसर व स्कूली बच्चे मौजूद रहेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही यहां से 50 बच्चे बांदा से खजुराहो व खजुराहो से बांदा तक का सफर करेंगे। वाराणसी से खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस के चलने से लोगों में खासी खुशी देखी जा रही है। शनिवार को ट्रेन से स्वागत के लिए ठहराव वाले सभी रेलवे स्टेशनों पर खासी व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशन को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। जन प्रतिनिधियों, अफसरों और स्कूली बच्चों को आमंत्रित किया गया है। स्टेशन प्रबंधक मनोज शिवहरे ने बताया कि यहां रेलवे स्टेशन में ट्रेन के स्वागत में कार्यक्रम रखा गया।
प्रदेश के जल शक्ति मंत्री रामकेश निषाद, बांदा-चित्रकूट सांसद कृष्णा पटेल, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में जन प्रतिनिधि अपने विचार रखेंगे। स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। बच्चों को पुरस्कार वितरित किए जाएगे। 2:15 बजे चित्रकूट होते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस बांदा आ जाएगी। पांच मिनट के ठहराव के बाद राज्यमंत्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना करेंगे। बताया कि यहां से 50 स्कूली बच्चों का एक दल ट्रेन से खजुराहो जाएगा। खजुराहो घूमने के बाद इसी ट्रेन से वापस लौट आएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने वंदे भारत एक्सप्रेस के चलने पर खुशी जाहिर की है। कहा कि जल्द प्रयागराज से कानपुर होते हुए दिल्ली के लिए भी वंदे भारत एक्सप्रेस चलेगी। इसकी मंजूरी मिल चुकी है। कहा कि यह ट्रेन पर्यटन की दृष्टि से बेहतर रहेंगी। ट्रेन से पर्यटन स्थल प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा, खजुराहाे को जोड़ा गया है। ताकि पर्यटकों को यहां आने में दिक्कत न हो।