बांदा। बुंदेेलखंड में रबी के लिए यूपी स्टेट एग्रो
किसानों को 3600 क्विंटल बीज का वितरण करेगा। कृषि उत्पादन आयुक्त ने
बुंदेलखंड के चित्रकूटधाम मंडल और झांसी मंडलों में बीज वितरण का शत
प्रतिशत उठान, वितरण और डीबीटी कार्य निपटाने के लिए एग्रो के अधिकारियों
को हरेक मंडल में विशेष रूप से नियुक्त किया है।
लखनऊ से आए मंडलीय अभियंता ने शुक्रवार को बांदा और शनिवार को झांसी में स्थानीय एग्रो अधिकारियों के साथ समीक्षा की।
चित्रकूटधाम
मंडल में बांदा मंडी और अतर्रा को 450-450 (कुल 900) क्विंटल गेहूं बीज
वितरण का लक्ष्य दिया है। बांदा में अब तक 304 और अतर्रा में 208 किसानों
को अनुदान दिया जा चुका है।
हमीरपुर में 85 और कर्वी (चित्रकूट)
में 280 किसानों को अनुदान मिल चुका है। इन दोनों जनपदों में भी 450-450
क्विंटल गेहूं बीज बांटने का लक्ष्य है। पूरे मंडल में अब तक 877 किसानों
को अनुदान का लाभ मिल चुका है।
मंडल में कुल 1800 क्विंटल बीज
वितरित करने का लक्ष्य है। झांसी मंडल के उरई और जालौन में यूपी एग्रो
450-450 क्विंटल बीज वितरित करेगा। झांसी और तालबेहट (झांसी) में भी इतना
ही बीज बंटेगा।
यूपी स्टेट एग्रो इंडस्ट्रियल कारपोरेशन के प्रबंध
निदेशक डा. वेदपति मिश्र द्वारा जारी आदेश में कृषि उत्पादन आयुक्त द्वारा
22 दिसंबर को दिए आदेशों का हवाला देकर गेहूं बीज का सभी मंडलों में
शत-प्रतिशत उठान, वितरण और डीबीटी के लिए एग्रो के क्षेत्रीय प्रबंधकों को
मार्गदर्शन प्रदान करने और अनुश्रवण के लिए अलग-अलग अधिकारी नियुक्त किए
हैं।
ये 22 से 27 दिसंबर तक मंडलों में जाकर समीक्षा करेंगे।
चित्रकूट और झांसी का जिम्मा लखनऊ मंडल के मंडलीय अभियंता एमए जहूर को
सौंपा गया है।
जहूर ने शुक्रवार को यहां मंडी समिति परिसर स्थित
एग्रो कार्यालय में बीज वितरण की समीक्षा की। क्षेत्रीय प्रबंधक के साथ
बातचीत की। बताया कि यहां अब तक लगभग 1350 क्विंटल (75 प्रतिशत) बीज वितरित
किया जा चुका है।
शनिवार को झांसी में अनुश्रवण के बाद फोन पर
मंडलीय अभियंता ने बताया कि झांसी में क्षेत्रीय प्रबंधक कान्हा सिंह की
अनुपस्थिति में जिला प्रबधंक जितेंद्र सिंह ने निरीक्षण कराया। झांसी मंडल
में अब तक 128 किसानों को अनुदान दिया जा चुका है।