फोटो - 09 सीएचसी में मरीजों को उपचार बताते व दवाएं लिखते चिकित्सक। संवाद
नरैनी। मौसम के लगातार बदलते मिजाज का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगा है। शुक्रवार की रात बारिश से लोगों को कुछ समय के लिए राहत जरूर मिली, लेकिन इसके बाद सुबह तेज धूप निकलने और उमस बढ़ने से हालात और अधिक परेशानी भरे हो गए। इससे तेज बुखार, उल्टी-दस्त, वायरल संक्रमण और हीट वेव के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी में शनिवार को करीब ढाई सौ से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें अधिकांश उल्टी-दस्त, वायरल बुखार एवं अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित थे। मरीजों की बढ़ी संख्या से अस्पताल परिसर में दिनभर भीड़भाड़ का माहौल बना रहा। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग इलाज कराने पहुंचे।
ओपीडी में तैनात चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं एवं स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी। अधीक्षक डॉ. विकास यादव ने बताया कि अत्यधिक गर्मी, बीच-बीच में हो रही बारिश तथा मौसम में अचानक हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण के मरीज तेजी से बढ़े हैं। मरीजों में तेज बुखार, गले में खराश, शरीर दर्द, उल्टी-दस्त, चक्कर आना और कमजोरी की शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आ रही हैं। बारिश के बाद बढ़ी उमस भी लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।