तिंदवारी (बांदा)। बेटे की शादी में लिए दो लाख रुपये कर्ज चुकाने की चिंता में किसान ने फंदा लगाकर जान दे दी। मोहल्ले वालों ने देखा तो परिजनों को जानकारी दी।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के भिडौरा गांव निवासी शिवबक्स सिंह ने बताया कि पारिवारिक चाचा उदय सिंह परिहार (42) ने शनिवार की रात किसी समय घर के बरामदे में छप्पर की धन्नी से फंदा लगा लिया। रविवार को सुबह मोहल्ले के लोगों ने फंदे से लटका देखा तो जानकारी दी। उदय की पत्नी रन्नो का 10 साल पहले निधन हो चुका है।
बड़े बेटे रामबरन सिंह की शादी के लिए दो साल पहले गांव के लोगों से दो लाख रुपये कर्ज लिया था। उसी को चुकाने की चिंता थी। दो बेटे रामबरन और विकास सूरत में मजदूरी करते हैं। छोटा पुत्र शिवम प्रयागराज में रहकर पढ़ाई करता है। घटना के समय घर में कोई नहीं था। उनके पास पांच बीघा खेती है। खेती किसानी का काम देखते थे। बेटों को सूचना दी गई है। छोटा पुत्र शिवम आ गया है। तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर सुरेश सैनी ने बताया कि परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता सके हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।