नरैनी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। एक युवक के परिजनों ने शव रखकर जाम लगा दिया है। आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग को लेकर अड़े हैं।
मध्य प्रदेश के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के चौकी चंदौरा गांव निवासी काशी (35) मंगलवार की देर शाम बाइक से नरैनी से बाजार करके वापस अपने गांव जा रहा था। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पुंगरी पुल के पास बांदा से नरैनी बालू लेने जा रहे ट्रक ने सामने से टक्कर मारकर कुचल दिया। मौके पर ही काशी की मौत हो गई। हादसे की जानकारी लगने पर परिजनों और ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। मौके पर करतल व नरैनी कोतवाली पुलिस मौजूद है। परिजन मुआवजे व ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े हैं। मृतक तीन भाइयों में बड़ा था। मजदूरी करके जीवन यापन करता था। मौके पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम मोहन राय सहित करतल पुलिस मौजूद हैं। दोनों तरफ दर्जनों गाड़ियां जाम में फंसी हैं।
उधर, गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर बुजुर्ग गांव निवासी राजकिशोर खेंगर (23) धान लेकर पैगंबरपुर गांव गया था। धान को दरवा कर बाइक से वापस लौट रहा था। सामने से आए साइकिल सवार ओमप्रकाश त्रिपाठी को बचाने में दूसरी साइड से आए ट्रक ने उसे कुचल दिया। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मौके से ट्रक चालक भाग निकला। गिरवां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की मां श्याम कली ने बताया कि वह मजदूरी करता था।